n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: रेलवे ट्रेनों के आरक्षित कोचों में अनधिकृत प्रवेश को नहीं रोक पा रहा है। इससे महिला यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
20 अप्रैल को 15566 वैशाली एक्सप्रेस के कोच एस-6 के यात्री विकास ने मदद मांगी। यात्री की शिकायत के मुताबिक उनके साथ तीन महिलाएं यात्रा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आरक्षित सीटों पर अन्य यात्री बैठे हैं और कोच में बहुत भीड़ है। हम न तो बैठ पा रहे हैं और न ही सो पा रहे हैं। आलम यह है कि लोग महिलाओं की भी सीट नहीं छोड़ रहे हैं। कन्फर्म सीट होने के बाद भी उनको जद्दोजहद करनी पड़ रही है। भीड़ इतनी ज्यादा है कि महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहीं हैं। इस शिकायत को यात्री ने शोसल मीडिया प्लेटफार्म पर भी पोस्ट कर दिया। रेलवे ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जीआरपी और आरपीएफ को इस पर ऐक्शन लेने को कहा है।
शौचालय जाम: 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के यात्री दीपक सिंह ने शिकायत करते हुए कहा कि मेरे कोच में बहुत भीड़भाड़ है। शौचालय पूरी तरह से जाम है। वहीं अमरदीप नाम के यात्री ने 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस में अनधिकृत प्रवेश की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने खलीलाबाद से रामगढ़ के लिए दो टिकट बुक किए थे। जब वह ट्रेन में पहुंचे तो एक सीट पर उनके एक सहयात्री ने बताया कि उन्होंने बरेली से गोरखपुर के लिए यह सीट आरक्षित कर रखी है। एक सीट पर आखिर दो बुकिंग कैसे हो सकती है। सहयात्री ने टिकट भी नहीं दिखाया। 12565 बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस के यात्री अमित ने कहा कि वह अपने 9 महीने के बच्चे के साथ कोच ए-2 में 31 नंबर सीट पर यात्रा कर रहे हैं। कोच में मच्छर भरे हुए हैं सफाई नहीं है।
तेजस का एसी फेल: 82502 तेजस एक्सप्रेस की यात्री दीपिका झा ने शिकायत की कि वह बुधवार को लखनऊ से दिल्ली जा रही हैं। कोच नंबर C10 में एसी शुरू से ही खराब है। टीटीई धीरज से शिकायत की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा। हम यहां सिर्फ पैसे देने आए हैं? वहीं डॉ. अनुपम सिंह भदौरिया ने शिकायत करते हुए बताया कि लखनऊ से जौनपुर जा रहा हूं। ट्रेन नंबर 20402 लखनऊ-वाराणसी शटल एक्सप्रेस के कोच C-1 का AC ठीक से काम नहीं कर रहा है।

