n NBT न्यूज, चंडीगढ़
गुड़गांव सहित पूरे हरियाणा के लिए बुधवार का दिन खास रहा। सबकुछ प्लान के अनुसार हुआ तो आने वाले दिनों में हरियाणा में रोजगार के मौके बढ़ेंगे। कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने हरियाणा सरकार को निवेश और उद्योगों के विस्तार का प्रस्ताव दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ हुई बैठक में कॉन्टिनेंटल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रशांत दोरेस्वामी ने बताया कि कंपनी मानेसर में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्लांट स्थापित करने की योजना बना रही है। धारूहेड़ा में इसके लिए स्थान चिह्नित किया गया है। इस परियोजना में लगभग 1000 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इससे संबंधित सभी औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए।
झज्जर प्लांट का भी होगा विस्तार
इसके अलावा पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया के प्रबंध निदेशक हीरोकाजु कामोदा व उप प्रबंध निदेशक सौरभ रावत व अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि झज्जर स्थित उनके प्लांट में 5 लाख एसी यूनिट प्रतिवर्ष उत्पादन हो रहा है, जिसे बढ़ाकर 20 लाख यूनिट करने की योजना है। इसके लिए कंपनी लगभग 200 करोड़ रुपये का प्रारंभिक निवेश करेगी। कंपनी की ओर से एक्सपोर्ट सब्सिडी से संबंधित सुझाव देने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए स्लैब तैयार किए जाएं। इससे आने वाले दिनों में फायदा होगा।


