लाखों की मशीन जली तो नहीं दी निगम प्रशासन को सूचना, अफसर सस्पेंड

नवभारतटाइम्स.कॉम

मयूर चौक पर स्वीपिंग मशीन में आग लगने की सूचना न देने पर एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। लाखों की मशीन जल गई पर अधिकारी ने निगम को जानकारी नहीं दी। इस लापरवाही पर अधिकारी से जवाब मांगा गया है और विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

officer suspended for not informing about burning of lakhs worth machine investigation ordered

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

मयूर चौक पर मंगलवार अलसुबह स्वीपिंग मशीन में आग लगने की सूचना न देना एक अधिकारी को भारी पड़़ गया। लाखों रुपये की मशीन पूरी तरह जल गई, लेकिन इस अधिकारी ने निगम प्रशासन को इसकी सूचना देना जरूरी नहीं समझा। इस पर निगम प्रशासन ने बुधवार को अधिकारी को सस्पेंड कर दिया। इस घटना की सूचना न देने पर उनसे जवाब भी मांगा गया है।

मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे : बताया गया कि अफसर की विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। इस दौरान उनका मुख्यालय गुड़गांव रहेगा, वह बिना सूचना के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। पिछले साल भी यह अधिकारी सस्पेंड हो चुका है। इस पर न केवल निगम अधिकारियों, बल्कि पब्लिक के फोन भी न उठाने का आरोप है। शहर में नगर निगम की ओर से रोड किनारे सफाई के लिए स्वीपिंग मशीनें चल रही हैं। मंगलवार अलसुबह शहर के मयूर चौक पर एक स्वीपिंग मशीन रोड सफाई कर रही थी। इसी दौरान मशीन में आग लग गई। इस एरिया की जिम्मेदारी नगर निगम में सीनियर सेनेट्री इंस्पेक्टर हर्ष चावला की है। मंगलवार अलसुबह लगी आग की सूचना निगम को देर रात तक नहीं मिली। बुधवार को सूचना मिलने पर मामला नगर निगम कमिश्नर तक पहुंचा। इसके बाद जांच में पाया गया कि इसमें पूरी तरह से अफसर की लापरवाही है। इसके बाद निगम प्रशासन ने हर्ष चावला को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।