मोहना एलिवेटेड रोड का काम 15 दिन बाद फिर शुरू, अतिक्रमण हटाने की तैयारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ में मोहना एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य 15 दिन बाद फिर से शुरू हो गया है। सरिया और मजदूरों की कमी के कारण काम रुका हुआ था। अब निर्माण एजेंसी ने सामग्री और श्रमिकों की व्यवस्था कर ली है। इस परियोजना से ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।

mohana elevated road work resumes preparation to remove encroachments after 15 day gap

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

सरिया और मजदूरों की कमी के चलते करीब 15 दिनों से बंद पड़ा शहर के मोहना एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य बुधवार से दोबारा शुरू हो गया है। काम रुकने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण एजेंसी ने जरूरी सामग्री और श्रमिकों की व्यवस्था कर ली है, जिससे प्रॉजेक्ट को फिर गति मिलने की उम्मीद है।

करीब 225 करोड़ रुपये की इस परियोजना से जहां ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद थी, अब अधूरा निर्माण और बंद पड़ा काम लोगों के लिए सिरदर्द बन रहा था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उड़ती धूल और लगातार हो रहे हादसों ने यहां का हाल बदतर कर दिया। दुकानदारों का कहना है निर्माण कार्य पूरी तरह ठप होने से उन्हें परेशानी हो रही थी। यह प्रोजेक्ट जून 2024 में शुरू हुआ था और इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. अब तक करीब 90 पिलर तैयार हो चुके हैं लेकिन आगे का काम रुकने से पूरे इलाके की रफ्तार थम गई है। बल्लभगढ़ स्थित मोहना रोड पर करीब पौने 3 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। यह एलिवेटेड नैशनल हाइवे से शुरू होकर दशहरा मैदान और सिटी पार्क के पास से गुजरते हुए मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचेगा। फिलहाल साइट पर कॉलम खड़े करने का काम चल रहा है, जो बीच में सामग्री और मजदूरों के अभाव में ठप हो गया था। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रवि इंद्र सिंह ने बताया कि सरिया की सप्लाई और मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद बुधवार से काम फिर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।