n NBT न्यूज, पलवल : नगर परिषद क्षेत्र में वाॅर्ड नंबर एक से 10 तक की 120 गलियां पक्की होंगी। इन गलियों के निर्माण पर 36 करोड़ 25 लाख रुपये का खर्चा होगा। इसके लिए नप की तरफ से टेंडर जारी किए गए हैं। नप चेयरमैन डाॅ. यशपाल ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के कच्ची गलियों को पक्का किया जाएगा। नप क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए 36.25 करोड़ रुपये की लागत से 120 कच्चे रास्तों को पक्का करने के टेंडर जारी किए गए हैं। बरसात आने से पहले नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं से राहत मिल जाएगी। बरसात के दौरान कच्चे रास्तों के कारण जलभराव, कीचड़ एवं आवागमन में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। परिषद ने प्राथमिकता इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण का निर्णय लिया है। नगर परिषद ने लगभग 200 करोड़ की वित्तीय क्षमता हासिल की है और प्रदेश में इस स्तर की वित्तीय क्षमता प्राप्त करने वाली पहली परिषद है जो कि प्रभावी वित्तीय प्रबंधन एवं सुविचारित विकास नीति का परिणाम है।


