n NBT न्यूज, फरीदाबाद : चेन्नै में दो दिवसीय ट्रामपॉलिन जिम्नास्टिक एशियन चैंपियनशिप के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया, जिसमें जूनियर आयु वर्ग में शहर की सृष्टि सिसोदिया और भूमिका ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई है। उनका चयन एशियन ट्रामपॉलिन जिम्नास्टिक चैंपियनशिप हॉन्ग कॉन्ग चाइना के लिए हो गया। दोनों जिम्नास्टिक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सृष्टि सिसोदिया और भूमिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय जिम्नास्टिक कोच बलराम कुमार और अपने माता-पिता को दिया है। सृष्टि सिसोदिया ने बताया कि वह सेक्टर 12 खेल परिसर में प्रैक्टिस करती है। जिम्नास्टिक कोच बलराम कुमार के कठिन परिश्रम से हम दोनों खिलाड़ियों का यहां तक पहुंचना संभव हुआ। इसके साथ ही सृष्टि ने खेल परिसर में ट्रामपॉलिन न होने और संसाधनों की कमी होने की बात कही। सृष्टि ने जिला खेल अधिकारी से संसाधनों की कमी को दूर करने की मांग की है।


