ओलंपिक्स की तैयारी में जुटी पहलवान मनीषा

नवभारतटाइम्स.कॉम

सिहौल गांव की बेटी मनीषा ने रोहतक में अंडर 17 आयु वर्ग में गोल्ड मैडल जीता है। वह ओलंपिक्स में जाने का लक्ष्य रखती है। इससे पहले भी वह कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है। मनीषा पढ़ाई में भी अव्वल है। रोहतक में हुई प्रतियोगिता में प्रदेश की कई महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया था।

wrestler manisha preparing for olympics wins gold medal in rohtak

n मोहन सिंह, पलवल

गांव सिहौल की बेटी मनीषा ने हरियाणा कुश्ती असोसिएशन की तरफ से चौधरी छोटूराम स्टेडियम रोहतक में गोल्ड मैडल प्राप्त किया है। अंडर 17 आयु वर्ग के 61 किलोग्राम भार में जीत हासिल की है। मनीषा का लक्ष्य ओलंपिक्स में जाना है और इसके लिए उसने अभ्यास का समय बढ़ा दिया है। कुलदीप स्पोर्टस अकैडमी सोनीपत में मनीषा कुश्ती की बारीकियां सीख रही। इससे पहले साल 2022 में खेलो हरियाणा यूथ गेम में कांस्य पदक और साल 2023 के हरियाणा स्टेट रेसलिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त कर चुकी है। साल 2024 में पंचकूला में आयोजित हरियाणा स्टेट अखाड़ा कुमार और अखाड़ा केसरी दंगल में सिल्वर तथा साल 2025 में हरियाणा स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी है। हाल ही में रोहतक में हुई स्टेट लेवल प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल प्राप्त किया है।

मनीषा 12वीं कक्षा की छात्रा है और कुश्ती के साथ-साथ पढ़ाई में भी प्रदर्शन अव्वल रहा है। मनीषा ने बताया कि रोहतक में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के सभी मुकाबले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के अनुसार करवाए गए। एक साथ ग्रीको रोमन, फ्री-स्टाइल कुश्ती करवाई गई। इस प्रतियोगिता में रोहतक और सोनीपत के सभी नामचीन अखाड़ों के साथ-साथ प्रदेश की महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया। सिहौल की सरपंच वेदवती गहलौत ने कहा है कि गांव आने पर मनीषा का ढोल-नगाडों से स्वागत किया जाएगा। कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढने के लिए संसाधन जुटाने में मदद की जाएगी।