किशोरी को आत्महत्या केलिए उकसाने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी युवक नितिन पर बेटी को बहलाकर ले जाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नितिन की प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी ने जान दी, जिसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है।

ghaziabad accusation of inciting a teenage girl to suicide serious allegations against a neighbor

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले जाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी मौत हुई है, जिसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। मामले में पीड़ित ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में केस दर्ज कराया है।

शिकायत में कौशांबी क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-एक में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि पहले वह कौशांबी क्षेत्र के भोवापुर, हसनपुर इलाके में झुग्गी डालकर रहते थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नितिन उनकी 16 वर्षीय बेटी पर बुरी नजर रखता था। इसको लेकर कई बार दोनों पक्षों में कहासुनी और झगड़ा भी हुआ था। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि परिवार को नवंबर 2025 में महोबा जिले के बहादुरपुर कला गांव में जाकर रहना पड़ा। आरोप है कि 10 अप्रैल को जब उनकी पत्नी दवा लेने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं और मोबाइल घर पर ही रह गया था, उसी दौरान नितिन ने मोबाइल पर फोन किया और उनकी बेटी को किसी बहाने से अपने साथ ले गया। वापस आने पर बेटी घर पर नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। करीब 7 दिन बाद 17 अप्रैल को आरोपी के पिता सतबीर का फोन आया और उसने कहा कि उनकी बेटी गाजियाबाद में है और आकर उसे ले जाएं। यह सुनकर थोड़ी राहत मिली और उन्होंने अगले ही दिन गाजियाबाद जाने की तैयारी शुरू कर दी लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही 18 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है।