n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बुधवार को लापरवाही का एक और मामला सामने आया, जब एक ईएमयू ट्रेन को निर्धारित स्थान से आगे रोक दिया गया। इस वजह से प्लैटफॉर्म पर खड़े यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ना पड़ा, जिससे भगदड़ जैसा माहौल बन गया। पलवल से चलकर गाजियाबाद जाने वाली 64055 ईएमयू सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर पलवल से गाजियाबाद के लिए रवाना होती है। बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 55 मिनट पर ये ट्रेन ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन के प्लैटफाॅर्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां के हर प्लैटफाॅर्म पर ईएमयू ट्रेनों के स्टापेज के लिए निर्धारित स्थान पर बोर्ड लगाए गए हैं। लेकिन ट्रेन के लोको पायलट ने निर्धारित स्थान से एक कोच आगे जाकर ट्रेन रोकी। ऐसे में पीछे की साइड में ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों को दौड़कर ट्रेन पकड़नी पड़ी। यात्रियों का कहना है कि इस तरह की मनमानी नई नहीं है। अक्सर लोको पायलट निर्धारित स्टॉपिंग पॉइंट का पालन नहीं करते, जिससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार तो यात्री ट्रेन छूटने के डर से जोखिम उठाकर दौड़ने को मजबूर हो जाते हैं।


