‘अतिक्रमण से प्रभावित हो रहा है ट्रैफिक, तो सख्ती से करें कार्रवाई’

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद में ट्रैफिक जाम और हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों का उल्लंघन जाम का मुख्य कारण है। अब अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस मिलकर काम करेंगे। बार-बार नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस निलंबित होंगे। यह कार्रवाई चालान तक सीमित नहीं रहेगी।

strict action on encroachment in ghaziabad traffic jams and accidents will be curbed

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, जाम की समस्या और सड़क हादसों को रोकने के लिए बुधवार को पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात और कानून व्यवस्था राज करन नैय्यर ने बैठक ली। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही अडिशनल सीपी ने कहा कि अगर अतिक्रमण की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है तो सख्ती से कार्रवाई की जाए। अडिशनल सीपी राज करन नैय्यर ने कहा शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों का उल्लंघन है। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि अतिक्रमण के प्रमुख कारणों की पहचान कर उनके खिलाफ धारा 152 बीएनएस के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने नगर निगम और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने के लिए नियमित अभियान सुनिश्चित करने को कहा। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित कराए जाएंगे। इसके लिए परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि कार्रवाई केवल चालान तक सीमित न रहकर प्रभावी दंडात्मक रूप ले सके।