नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग पर किया हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ में मेडिकल कॉलेज अटल चौक के पास एक बुजुर्ग पर दो नकाबपोश युवकों ने हमला किया। छायंसा से लौट रहे गंगा राम को बाइक सवारों ने रोका और लाठी-डंडों से पीटा। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

ballabhgarh masked miscreants attack elderly man with sticks threaten to kill

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

मेडिकल कॉलेज अटल चौक के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति पर दो अज्ञात युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौजपुर गांव निवासी 66 वर्षीय गंगा राम, जो डाक विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि 27 मार्च की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह छायंसा से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह मेडिकल कॉलेज अटल चौक के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी के सामने अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवक बाइक से उतरकर लाठी-डंडों से उन पर हमला करने लगे। अचानक हुए इस हमले में गंगा राम को कई गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में गंगा राम ने किसी तरह अपने मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।