n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
सिहानी गेट क्षेत्र में एग्जाम सेंटर डीपीसीजी के पास 12वीं की परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने छात्र को चारों ओर से घेर लिया और पत्थरों से वार कर उसका सिर फाड़ दिया। हमले में छात्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले में छात्र का साथी भी घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है, आईसीयू में उपचार चल रहा है। मामले में घायल के पिता सुनील कुमार ने सिहानी गेट थाने में दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शिकायत में कोट गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनका 18 वर्षीय बेटा निक कुमार 30 मार्च की दोपहर अपने दोस्त लालकुआं निवासी रोहित के साथ डीपीएसजी मेरठ रोड से 12वीं का अंतिम पेपर देकर घर लौट रहा था। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी बातचीत के अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने निक कुमार पर पत्थरों से वार किए। हमले में उसका सिर फट गया, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसका दोस्त रोहित भी घायल हो गया। राहगीरों ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनके बेटे की हालत नाजुत बनी हुई है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी तरुण और क्रिश को गिरफ्तार कर लिया है। तीन नाबालिगों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया है। एसीपी ने बताया जांच में सामने आया कि निक कुमार और हमलावर एक स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों पक्ष अलग-अलग स्ट्रीम में थे। स्कूल में भी दोनों पक्षों में पूर्व में झगड़ा हो चुका है। स्कूल से सस्पेंड भी हो चुके हैं। आरोपी पक्ष के 28 मार्च को पेपर खत्म हो गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी रंजिशन 30 मार्च को एग्जाम सेंटर के बाहर पहुंचे और अपने साथियों के साथ मिलकर निक व उसके दोस्त पर हमला किया।




