nNBT न्यूज, पलवल : अलावलपुर रेलवे ओवरब्रिज के निकट मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से करीब 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर काला धागा बंधा हुआ है और उसने मेहंदी रंग की शर्ट पहन रखी है। हादसे में उसके कपड़े भी फट गए हैं। पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जीआरपी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा सके।




