n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर लगाम लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मान्यता प्राप्त स्कूलों की जिलेवार सूची जारी कर दी है। परिषद ने करीब 30 हजार मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। परिषद के मुताबिक प्रदेश में हाईस्कूल स्तर के 10,295 और इंटरमीडिएट स्तर के 18,913 स्कूल मान्यता प्राप्त हैं। कुल मिलाकर 29,208 विद्यालय आधिकारिक रूप से संचालित हो रहे हैं। लखनऊ में 770 राजकीय व एडेड स्कूलों की सूची जारी की गई है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि दाखिले से पहले स्कूल की मान्यता जरूर जांच लें।




