पीटीआई, नई दिल्ली: भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) अगले 30 से 45 दिनों में लागू हो सकता है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इस समझौते पर पिछले साल जुलाई में हस्ताक्षर किए गए थे। गोयल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ब्रिटेन सरकार इस बात से बहुत खुश है कि भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते को वहां की संसद के दोनों सदनों ने बहुत तेजी से पास कर दिया है। अब हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले 30 से 45 दिनों के भीतर यह समझौता पूरी तरह से अमल में आ जाएगा। भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को इस 'व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते' (CETA) पर साइन किए थे। इस डील के लागू होने के बाद भारत से ब्रिटेन जाने वाले 99 प्रतिशत सामान पर कोई टैक्स ( जीरो ड्यूटी ) नहीं लगेगा।




