लद गए OTP के दिन! अब सिम कार्ड से होगी आपकी पहचान

नवभारत टाइम्स

अब ओटीपी की जरूरत नहीं होगी। बैंक और टेलिकॉम कंपनियां मिलकर सिम कार्ड से आपकी पहचान सुनिश्चित करेंगी। यह नई व्यवस्था आपके मोबाइल नंबर को सिम से जोड़कर धोखाधड़ी रोकेगी। ग्राहक को कुछ भी करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह तकनीक ई-सिम पर भी काम करेगी। आरबीआई के नए नियमों के तहत यह बदलाव किया जा रहा है।

otp hassle over now sim card will identify you new plan by banks and telecom companies

NBT रिपोर्ट, मुंबई: देश के बड़े प्राइवेट बैंक और टेलिकॉम कंपनियां अब वन-टाइम पासवर्ड (OTP) को हटाने की तैयारी कर रहे हैं। इसकी जगह दोनों मिलकर एक ' साइलेंट ऑथेंटिकेशन मैकेनिज्म ' पर काम कर रहे हैं। यह एक तरह की बैकग्राउंड जांच है जो यह सुनिश्चित करेगी कि आपके बैंक ऐप से जुड़ा मोबाइल नंबर वही है जो उस फोन में लगी सिम (SIM) का है।

अगर इस जांच में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो ट्रांजैक्शन को तुरंत संदिग्ध माना जाएगा या उसे उसी समय ब्लॉक कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि इसके लिए ग्राहक को कुछ भी करने की जरूरत नहीं होगी। यह तकनीक 'ई-सिम' (eSIM) पर भी काम करेगी। सुरक्षा की यह एक्स्ट्रा लेयर 'सिम क्लोनिंग' और गलत तरीके से 'ई-सिम स्वाइप' (सिम बदलना) के जरिए होने वाले फ्रॉड को खत्म करने के लिए बनाई गई है। धोखेबाज अक्सर इन्हीं तरीकों से OTP चुरा लेते हैं।

एक्सिस बैंक के ग्रुप एग्जीक्यूटिव (डिजिटल बिजनेस) समीर शेट्टी ने ET को बताया कि हम टेलिकॉम कंपनियों के साथ मिलकर 'साइलेंट ऑथेंटिकेशन' के कई ट्रायल कर रहे हैं, जिसमें ग्राहक को कुछ भी करने की जरूरत नहीं पड़ती। अगर कोई ऐप में लॉग-इन है लेकिन मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड नंबर से मेल नहीं खाता, तो मोबाइल नेटवर्क हमें इसका संकेत दे देता है। इससे हम बिना ग्राहक को परेशान किए संभावित धोखाधड़ी का पता लगा सकते हैं। टेलिकॉम कंपनियां अब एसएमएस (SMS) के बजाय अपने खुद के ऐप्स के जरिए ओटीपी भेजने पर भी विचार कर रही हैं। वजह ये है कि एसएमएस के जरिए आने वाले ओटीपी को हैक करना आसान होता है। यह सब RBI के उस आदेश के तहत हो रहा है जिसमें 1 अप्रैल से सभी डिजिटल लेनदेन के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा अनिवार्य कर दी गई है।