1600 अंक गिरकर पलटा सेंसेक्स

नवभारत टाइम्स

भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को शानदार वापसी की। सुबह भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। रुपये में आई मजबूती ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। शुक्रवार को बाजार बंद रहेगा।

sensex recovers from 1600 point fall it and banking stocks lead gains

NBT रिपोर्ट, मुंबई: शेयर बाजार ने गुरुवार को जबरदस्त वापसी की। सुबह की भारी गिरावट से उबरते हुए बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। सुबह बाजार गिरावट के साथ खुला था और एक समय यह 1,588 अंक टूटकर 71,545.81 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन बाद में HCL Tech, TCS जैसी आईटी कंपनियों और HDFC Bank, ICICI बैंक जैसे बड़े बैंकों के शेयरों में हुई खरीदारी ने सेंसेक्स को वापस पटरी पर ला दिया। दिन के निचले स्तर से 2,000 अंकों से ज्यादा की रिकवरी करते हुए सेंसेक्स 185.23 अंक (0.25%) की तेजी के साथ 73,319.55 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 33.70 अंक (0.15%) की बढ़त के साथ 22,713.10 पर बंद हुआ। सुबह के कारोबार में निफ्टी 496.85 अंक गिर गया था। शुक्रवार को 'गुड फ्राइडे' के मौके पर शेयर और मुद्रा बाजार बंद रहेंगे। आईटी और बैंकिंग शेयरों में हुई खरीदारी और रुपये में आई मजबूती ने बाजार को सहारा दिया। रुपये में आई जोरदार मजबूती से निवेशकों का भरोसा बढ़ा।