nNBT रिपोर्ट, कानपुर : शहर के बहुचर्चित किडनी कांड में पुलिस की एक टीम शनिवार को प्रयागराज पहुंच गई। डीसीपी एसएमस कासिम आबिदी ने बताया कि ऐंबुलेंस चालक शिवम अग्रवाल और दो ओटी टेक्निशन कुलदीप और राजेश से पूछताछ में प्रयागराज के नवीन पांडेय का नाम सामने आया था। शिवम की पत्नी ने भी इस बारे में जानकारी दी थी। बताया जाता है कि नवीन पांडेय ने रोहित को बाकी लोगों से मिलवाया था। अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों से पता चला है कि पूरा गिरोह झोलाछाप ही चला रहे थे।
किडनी कांड की शुरुआती जांच में मुख्य तौर पर डॉ. रोहित का नाम सामने आया था। जांच के क्रम में पता चला कि मुदस्सर अली सिद्दीकी की ही तरह रोहित भी डॉक्टर नहीं है। पुलिस ने अब तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें कोई भी डॉक्टर नहीं है। जांच में यह भी पता चला है कि प्रत्यारोपण के दौरान एक विदेशी और एक अन्य महिला की मौत हुई है। हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे नामों को ट्रेस किया जाना ज़रूरी है। इसके बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। वहीं, पुलिस मेडिलाइफ हॉस्पिटल के 2 डॉक्टरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।





