nNBT न्यूज, मसौली: सफदरगंज थाना क्षेत्र के चैखंडी ईदगाह के पास रामपुर कटरा निवासी मो. आसिफ (20) की डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने ईंट से चेहरा भी कूच दिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित तौफीक और उसके पिता अकील को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों के मुताबिक हैदराबाद में काम करने वाला मो. आसिफ ईद पर घर आया हुआ था। कस्बे के ही तौफीक से शुक्रवार को विवाद हो गया था। रात करीब दस बजे संदिग्ध हालात में लापता होने के बाद आसिफ का फोन भी उठना बंद हो गया। तलाश के दौरान कस्बे से करीब एक किमी दूर चैखंडी ईदगाह के पास उसका खून से लथपथ शव मिला। मां मैसरजहां ने बताया कि चेहरे को कूचे जाने के साथ ही पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे। गले से चांदी की चेन, हाथ से अंगूठी और ब्रेसलेट के साथ ही जेब में रखे रुपये भी गायब थे। सूचना पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और कॉल डिटेल के आधार पर जांच के निर्देश दिए। पिता की तहरीर पर तौफीक, उसके पिता अकील समेत पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में तौफीक ने बताया कि मो. आसिफ के परिवार की एक लड़की से उसका प्रेम संबंध था। इसे लेकर आसिफ से विवाद हुआ था। आरोप है कि रास्ते से हटाने के लिए तौफीक ने आसिफ को बहाने से बुलाया और हत्या कर दी।





