n NBT न्यूज, रबूपुरा : एरिया के गांव फलैदा, मारहरा और आकलपुर में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। आरोप है कि सूचना के दो घंटे बाद अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची। इससे किसानों में आक्रोश है। शनिवार दोपहर मारहरा गांव में खेतों के बीचो-बीच से गुजर रही बिजली की लाइन से निकली चिंगारी से गेंहू की खड़ी फसल में आग लग गई। इससे अशोक, ज्ञान सिंह, प्रीतम, नरेंद्र और जयकेश निवासी कलूपुरा की करीब 40 बीघा फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने प्रभावित एरिया के आसपास खड़ी फसल में ट्रैक्टर चलाकर आग पर काबू पाया। फलैदा निवासी कमल सिंह, सुभाष, और धर्मवीर की करीब 16 बीघा गेहूं की खड़ी तैयार फसल अज्ञात कारणों से जलकर राख हो गई। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से आग से तबाह हुई फसल का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।




