NBT न्यूज, गुड़गांव
धनकोट गांव से गुजरने वाली मिनी बायपास रोड इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। नहर के किनारे-किनारे बना यह रास्ता धनकोट बायपास से बसई और फर्रुखनगर की ओर जाता है और आगे जाकर स्टेट हाइवे 15-ए से जुड़ता है। लेकिन सड़क की कम चौड़ाई, नहर पर बनी संकरी पुलिया और जगह-जगह टूटी ग्रिल के कारण यहां रोज ट्रैफिक जाम लगता है और हादसे का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह और शाम के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। स्टेट हाइवे पर जाने वाले वाहन, स्कूल बसें और अन्य वाहन एक साथ निकलते हैं, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। कई बार तो वाहनों की कतारें इतनी लंबी हो जाती हैं कि लोगों को आधे-आधे घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। धनकोट बायपास से गांव में एंट्री के दौरान नहर पर बनी पुलिया इस समस्या की सबसे बड़ी वजह बन गई है। पुलिया इतनी संकरी है कि एक समय में वाहन मुड़ते समय अटक जाता है। यदि सामने से दूसरा वाहन आ जाए तो दोनों ओर ट्रैफिक रुक जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है। इस रास्ते का इस्तेमाल स्कूली बसें और ऐम्बुलेंस भी करती हैं। ऐसे में कई बार इमरजेंसी होने पर भी वाहन फंस जाते हैं।
टूटी ग्रिलों ने बढ़ाया खतरा
नहर के किनारे बनीं ग्रिल कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन ग्रीलों को वाहनों को नहर में गिरने से बचाना है, लेकिन इनके टूटने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। रात के समय या बारिश में यह रास्ता और भी जोखिम भरा हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन सुरक्षा ग्रिलों की मरम्मत नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
वर्जन...
समस्या की जानकारी मिल गई है। जल्द ही संबंधित स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा। नहर किनारे की टूटी सुरक्षा ग्रिल की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी और जाम के समाधान के भी प्रयास किए जाएंगे।
-दीपा, SDO, लोक निर्माण विभाग
निवासी बोले- कई बार शिकायत दी, नहीं हुआ समाधान
इस सड़क पर जाम लगना अब आम बात हो गई है। कई बार लोगों को 20-30 मिनट तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला।
-हजारी लाल, निवासी धनकोट
सुबह और शाम के समय सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। पुलिया छोटी होने के कारण दो गाड़ियां एक साथ नहीं निकल पातीं, जिससे जाम लग जाता है और लोगों का समय खराब होता है।
-सोनू, स्थानीय निवासी
नहर किनारे की सुरक्षा ग्रील टूटी हुई हैं, जिससे हमेशा हादसे का डर बना रहता है। खासकर रात के समय यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है।
-राजबीर कौशिक, ग्रामीण
इस समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया जा चुका है। सड़क को चौड़ा करने और पुलिया का विस्तार करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस समस्या का समाधान होना ही हमारी प्रमुख मांग है।
-दिनेश सहरावत, निवर्तमान सरपंच धनकोट



