NBT रिपोर्ट, लखनऊ: फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये के मुद्रा लोन घोटाले में यूपी एसटीएफ ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर नितिन चौधरी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को यूनियन बैंक की बसंत बिहार शाखा, दिल्ली से की गई। एसटीएफ के अनुसार, नितिन चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी आधार, पैन कार्ड, फोटो और हस्ताक्षरों के जरिए लोगों और फर्जी फर्मों के नाम पर मुद्रा लोन पास कराए। इन लोन की रकम गिरोह द्वारा बनाए गए फर्जी खातों में ट्रांसफर कर हड़प ली गई। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने करीब 100 से अधिक लोगों और फर्मों के नाम पर अलग-अलग बैंकों से करोड़ों रुपये का फर्जी लोन कराया। मामले की शुरुआत लखनऊ निवासी राज बहादुर गुरंग की शिकायत से हुई थी, जिनके नाम पर बिना जानकारी के दो लोन पास कर दिए गए थे।




