nNBT न्यूज, लखनऊ: काशी किंग्स ने यूपी प्रो हैंडबॉल लीग में धमाकेदार खेल जारी रखते हुए जीत की हैटट्रिक लगाते हुए नाकआउट के लिए मजबूत दावेदारी पेश की। काशी किंग्स ने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल की बदौलत गाजियाबाद पैंथर्स को 24-19 से शिकस्त देते हुए तालिका में शीर्ष पर अपनी पकड़ बना ली। वहीं, गोरखपुर राउडीज की टीम मथुरा ब्रजस्टार को हराकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। एक अन्य मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ वापसी करते हुए पहली जीत का स्वाद चखा। यूपी हैंडबॉल असोसिएशन और एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट के तहत केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हॉल में सभी मुकाबले खेले गए।
तीसरे दिन पहले मैच में काशी किंग्स ने खेल के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद पैंथर्स पर दबाव बनाए रखा। जीत में स्टार खिलाड़ी अविनाश ने फिर कमाल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देते हुए सात गोल दागे। हालांकि काशी की जीत के नायक गोलकीपर रजत खटकर बनकर उभरे जिन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। टीम ने पहले हॉफ में 14-10 की बढ़त बना ली जबकि विमलेश ने चार और अनीश यादव व मोहित ने तीन-तीन गोल किए। गाजियाबाद पैंथर्स से मोहित कुमार व संचिन ने पांच-पांच गोल किए लेकिन हार को टाल नहीं सके। दूसरे मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए नोएडा ब्लास्टर्स के खिलाफ 22-17 की जीत से खाता खोला। पहले हॉफ में नोएडा ने तेजी दिखाते हुए 11-6 की बढ़त बनाई। हालांकि बर्बरीक वॉरियर्स ने दूसरे हॉफ में जीत अपने नाम की। वहीं, गोरखपुर राउडीज ने मथुरा ब्रजस्टार को 32-25 से शिकस्त दी। गोरखपुर से पवन, क्रिशन ने 8-8 गोल किए।




