n तरुण तायल, गुड़गांव
शहर के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया वेटिंग रूम इन दिनों बदहाली का शिकार है। स्टेशन पर चल रहे डिवेलपमेंट प्रॉजेक्ट के तहत प्लेटफॉर्म्स को तो नया रूप दिया जा रहा है लेकिन यात्रियों के लिए बने वेटिंग रूम में गंदगी और बदबू की वजह से यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्रियों के अनुसार वेटिंग रूम के फर्श पर गंदगी जमा है, बाथरूम से आती गंध पूरे हॉल में फैली रहती है। इससे परेशानी होती है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर धूप बहुत रहती है, काम चलने के कारण बाहर छांव की व्यवस्था नहीं है। इसलिए यात्री प्रतीक्षालय में आकर बैठते हैं। लेकिन यहां इतनी बदबू और गंदगी है कि बैठना मुश्किल हो जाता है। गर्मियों में बिना प्रतीक्षालय के काम नहीं चल सकता, मगर इसकी हालत बेहद खराब है। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
इधर, मामले को लेकर रेलवे प्रवक्ता अजय माइकल ने कहा कि रोज सफाई कराई जाती है, सुबह जल निकासी ड्रेनेज में रुकावट के कारण पानी भर गया था, जिससे समस्या हुई। फिलहाल सफाई कर्मचारियों ने समाधान कर दिया है।



