मेरठ:व्यापारियों और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा, सातवें दिन भी धरना जारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

मेरठ में सेंट्रल मार्केट में कार्रवाई के खिलाफ महिलाओं का धरना सातवें दिन भी जारी है। अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने एक कांग्रेस नेत्री को हिरासत में लिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। बाद में नेत्री को रिहा कर दिया गया।

meerut traders protest continues for the seventh day talks with officials inconclusive

NBT न्यूज, मेरठ: SC के आदेश पर आवास विकास द्वारा सेंट्रल मार्केट में की जा रही कार्रवाई के विरोध में महिलाओं का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। इस बीच गुरुवार को एडीएम सिटी और एसपी सिटी व्यापारियों से बातचीत करने पहुंचे। मगर बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने महिलाओं के बीच बैठी कांग्रेस नेत्री को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा कर दिया। बाद ने पुलिस ने कांग्रेस नेत्री को रिहा कर दिया। ADM सिटी बृजेश कुमार सिंह और एसपी सिटी विनायक भोंसले गुरुवार की दोपहर सेंट्रल मार्केट पहुंचे। जहां उन्होंने बीजेपी नेता के घर पर व्यापारियों से बातचीत की। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने गुजारिश की कि धरने को समाप्त करके व्यापारी कानूनी तरीके से अपनी लड़ाई लड़ें। मगर व्यापारियों ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। इसके बाद एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन धरने पर बैठी महिलाओं के बीच पहुंचे। जहां उन्होंने महिलाओं से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को धरने में शामिल न होने दिया जाए। क्योंकि ऐसे लोग माहौल खराब करके शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर कोई अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसी के साथ महिलाओं से शांतिपूर्वक अपने धरना जारी रखने को कहा। महिलाओं ने भी साफ कहा कि वह शांति से घरों के बाहर धरना दे रही हैं। अपनी मांग पूरी न होने तक वह इसी तरह धरने पर बैठी रहेंगी।