मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को कर सकते हैं। इस बार कार्यक्रम पश्चिमी यूपी नहीं बल्कि पूर्वी यूपी के हरदोई में तय माना जा रहा है। पीएम वहीं एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। संभावित कार्यक्रम को देखते हुए वहां के प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का जायजा भी ले लिया है। माना जा रहा है कि वेस्ट यूपी में पीएम कई आयोजन कर चुके हैं। इसलिए गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण पूर्वी यूपी से करेंगे। जानकार यह भी बता रहे कि चूंकि एक्सप्रेस-वे का सबसे अधिक भाग करीब 100 किलोमीटर हरदोई जिले में है। इसलिए लोकार्पण का कार्यक्रम वहां रखा जा सकता है। पीएम ने गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रोजा में 18 दिसंबर 2021 को किया था। इस बार भी यूपी के सबसे लंबे 594 किमी गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन वे 29 अप्रैल पूर्वी उत्तर प्रदेश से कर सकते हैं। फिलहाल 6-लेन तैयार एक्सप्रेसवे को आठ लेन तक विस्तार दिया जा सकता है। शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज का सफर सिर्फ सात घंटे में पूरा किया जा सकेगा। मेरठ से प्रयागराज तक के सफर के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज से गुजरेगा।



