NBT न्यूज, मेरठ: थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने बुधवार की रात ड्रीम सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारकर आईपीएल में सट्टेबाजी कराने वाले तीन बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सट्टेबाजी का सामान बरामद किया गया है। एसपी सिटी विनायक भोंसले ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए कंकरखेड़ा पुलिस और स्वॉट टीम ने 15 अप्रैल की रात ड्रीम सिटी कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने सरधना के स्वामीयान मोहल्ला निवासी दीपक जैन, रोहटा रोड जवाहर नगर निवासी रजनीश जैन और सरधना के आदर्श नगर निवासी विभोर जैन को गिरफ्तार किया। मौके से 11 मोबाइल फोन, दो एलईडी टीवी, डेबिट कार्ड, सट्टे की पर्चियां और कैलकुलेटर बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि तीनों ही आरोपी बुकी का काम करते थे। तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है।


