NBT न्यूज, मथुरा: यमुना में मोटरबोट के पैंटून पुल से टकराकर पलटने से हुए हादसे में लापता एक युवक का शव सातवें दिन पानीगांव पुल के पास मिला। बॉडी पानी में फूलकर ऊपर आ चुका था। सर्च टीम और गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। बता दें कि 10 अप्रैल को पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट पैंटून पुल से टकराने के बाद यमुना में पलट गई थी। इस हादसे में 34 श्रद्धालु यमुना नदी में डूब गए थे। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि 10 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी। वहीं कुछ लोग लापता थे। लापता लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF और फ्लड पीएसी की टीमें हादसे के दिन से ही यमुना में सर्च ऑपरेशन चलाए हुए थी।



