फिरोज़ाबाद में लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 3 अरेस्ट, जेल भेजे गए

नवभारतटाइम्स.कॉम

फिरोजाबाद में पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फेसबुक पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे ऐंठता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

फिरोज़ाबाद में लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 3 अरेस्ट, जेल भेजे गए

फिरोजाबाद में साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह फेसबुक पर ‘धनी फाइनेंस’ के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को 5 लाख रुपये तक का लोन दिलाने का झांसा देता था।

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि साइबर क्राइम सेल और साइबर थाना टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी लोन पास कराने के नाम पर लोगों से प्रोसेसिंग फीस और रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलते थे। इसके लिए वे क्यूआर कोड भेजकर रकम जमा कराते थे। पैसा आते ही आरोपी एटीएम के जरिए नकदी निकालकर आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश कुमार, सनीवेश अवस्थी और कुनाल उपाध्याय के रूप में हुई है। तीनों फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से ठगी के पैसों से खरीदी गई एक कार, एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 10 एटीएम कार्ड और करीब 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है।