n NBT न्यूज, गुड़गांव: बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लगी आग भले ही काबू में बता दी गई हो लेकिन गुरुवार को भी वहां उठता जहरीला धुआं लोगों की चिंता बढ़ाता रहा। धुएं से आपास के 7 गांवों के हजारों लोग परेशान हैं। इसे देखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने CAQM एक्ट के तहत नगर निगम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
आग लगने की घटना के बाद HSPCB की टीम ने मौके का जायजा लिया। विभाग की ओर इस घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। HSPCB गुड़गांव नॉर्थ जोन की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने बताया कि बंधवाड़ी लैंडफिल पर पहले से ही हर महीने 10 लाख रुपये का जुर्माना नगर निगम पर लगाया जा रहा है। अब इस आग की घटना को गंभीरता से लेते हुए CAQM एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिससे भविष्य में ऐसी घटना न हो और विभाग सतर्क रहे।
गांवों में घुटन जैसे हालात : आग लगने की घटना के बाद से बंधवाड़ी, बल्यावास, ग्वाल पहाड़ी, घाटा, बैरमपुर, मांगर समेत दिल्ली के डेरा गांव की आबादी धुएं के कारण परेशान है। कूड़े में लगी आग को तो काबू कर लिया गया पर उसके बाद उठ रही बदबू और धुएं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बंधवाड़ी के पूर्व सरपंच राजाराम ने बताया कि गुरुवार को भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा हर साल यहां हालात ऐसे ही रहते हैं पर कोई एक्शन नहीं लिया जाता है।
निगम ने लिया सख्त कदम उठाने का फैसला : बंधवाड़ी कचरा प्रबंधन प्लांट में आग के बाद नगर निगम ने गुरुवार को समीक्षा बैठक कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला किया। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे के ढेर पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए और प्लांट में स्थायी अग्नि सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जाए। इन उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने पर जोर दिया गया है।



