NBT रिपोर्ट, मेरठ: हाथरस जीआरपी ने स्टेशन पर मिले जले शव के मामले में गुरुवार को खुलासा किया। जिस व्यक्ति के आधार कार्ड और मोबाइल के आधार पर शव की पहचान हुई थी, वह जिंदा निकला। आरोपी यूपी पुलिस का बर्खास्त सिपाही रामवीर सिंह है, जिसके खिलाफ 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और जेल से बचने के लिए रामवीर ने साजिश रची। 11-12 मार्च की रात उसने स्टेशन पर सो रहे एक बुजुर्ग भिखारी पर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने अपना आधार कार्ड और मोबाइल शव के पास रख दिया, ताकि सभी उसे मृत समझ लें। घटना के दौरान वह खुद भी झुलस गया और अस्पताल पहुंचा, जहां से शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।



