n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
सेक्टर-2 स्थित HSVP मार्केट इलाके में तेज रफ्तार काले रंग की थार से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की। रविवार को वायरल हुए विडियो में दिख रहा है कि एक युवक अपने साथी को सड़क पर बाइक चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान काले रंग की थार तेज गति से वहां पहुंचती है और बाइक सवार के सामने अचानक कट मार देती है। इसके बाद चालक गाड़ी को पीछे ले जाकर दोबारा तेज रफ्तार में उनके पास आता है और बार-बार कट मारते हुए सड़क पर स्टंट करता नजर आता है।
इस खतरनाक हरकत से मौके पर मौजूद लोगों और बाइक सवार युवकों की जान जोखिम में पड़ गई। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां आमतौर पर भारी भीड़भाड़ रहती है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई थी। घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का विडियो मोबाइल में रेकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। विडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी थार चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 ( खतरनाक ड्राइविंग ) के तहत 5 हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट करना कानूनन अपराध है और इससे लोगों की जान को खतरा होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



