NBT न्यूज,करनाल : शहर के मेरठ रोड स्थित सूरज नगर में मंगलवार को पटाखे के गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक बच्ची घायल हो गई, जबकि गोदाम और पास बने मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। गोदाम का लैंटर उड़ गया और पड़ोसी मकान की दीवार ढह गई। आसपास के कई मकानों में दरारें भी आ गईं।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पीड़ित महिला राकेश ने बताया कि दिवाली से पहले यहां पटाखा फैक्ट्री चलती थी। बाद में मालिक मोहन लाल ने फैक्ट्री बंद कर पटाखे अंदर ही रख दिए।




