n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ सेक्टर की टीम ने बाराबंकी की क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रहीं प्रीति पांडेय के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर उनकी संपत्ति की जांच के बाद दर्ज करवाई गई। प्रीति पांडेय वर्तमान में कर्नलगंज गोंडा में तैनात हैं।
शासन ने प्रीति पांडेय की संपत्तियों की खुली जांच के आदेश 21 फरवरी 2023 को सतर्कता अधिष्ठान को दिए थे। अधिष्ठान ने यह जांच लखनऊ सेक्टर को सौंपी थी। जांच में पाया गया कि शासन द्वारा तय समयावधि में प्रीति पांडेय की कुल आय 1,73,48,878 रुपये पाई गई। जबकि, उस अवधि में उनके द्वारा 2,12,14,554 रुपये का खर्च किया गया। इस तरह उनकी संपत्ति उनकी आय से 38,65,676 रुपये अधिक पाई गई। शासन की मंजूरी के बाद मामले की जांच करने वाले सतर्कता अधिष्ठान के निरीक्षक अनिल कुमार ने प्रीति पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।




