nNBT न्यूज, बाराबंकी: डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर मंगलवार को सभी दलों, संगठनों और सरकारी दफ्तरों में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। फतेहपुर के झांसापुरवा में जयपुरिया स्कूल के पास अम्बेडकर प्रतिमा परिसर में हुए समारोह में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के प्रयासों से ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मत देने का अधिकार मिला।
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने अपने आवास पर डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप ने दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के चौरी अलादासपुर में डाॅ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया।
भाजपा ने 2595 बूथों पर अम्बेडकर जयंती मनाई। नाका चौराहा स्थित पार्क में एमएलसी अवनीश सिंह पटेल ने जिला अध्यक्ष रामसिंह वर्मा के साथ बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा दरियाबाद विधानसभा के रामपुर में कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत जिला पंचायत कार्यालय में पहुंचीं। एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत सेमरावा में हुए कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी तरह विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कुर्सी के बनार गांव और हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने रसूलपुर गांव में बाबा साहेब को पुष्पांजलि दी।
135वीं जयंती पर भव्य आयोजन: अयोध्या में डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा की तरफ से जिले के सभी बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। पार्टी कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को सशक्त लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। इस मौके पर मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे। उधर, सपा ने गुलाबबाड़ी स्थित कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित संविधान देश की लोकतांत्रिक आत्मा है।




