n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में मंगलवार को बैसाखी का पर्व पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी उत्सवी बना दिया।
सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां रागी जत्थों ने शबद कीर्तन कर संगत को भाव-विभोर किया। गुरुद्वारे के गुरुचरण सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया और अखंड पाठ के समापन के बाद लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इसी तरह सेक्टर-15 और सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारों में भी अखंड पाठ, शबद कीर्तन और लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बैसाखी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने निशान साहिब की सेवा कर अपनी आस्था प्रकट की।




