nNBT न्यूज, लखीमपुर खीरी: मैलानी के बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत मोतीपुर गांव में अम्बेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर मंगलवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया।
हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। सीओ गोला की सरकारी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि तीन अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरती। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिमा जबरन हटाई गई। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवादित जमीन पर प्रतिमा रखवाई गई थी, जिसे हटवाने के साथ ही जांच की जा रही है।




