nNBT न्यूज़, अयोध्या: जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार मानकों में बदलाव किया गया है। अब लाभार्थियों को सात समूह व सात ब्रैंड के रेसिपी आधारित अनुपूरक पोषाहार उपलब्ध करवाएं जाएंगे। साथ ही जिले में 70 नए आंगनबाड़ी केंद्र शुरू होंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एफआरएस-ईकेवाईसी अनिवार्य होने के बाद पोषाहार वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है। ग्रामीण आजीविका मिशन के टीएचआर प्लांट से पोषाहार तैयार कर सीधे केंद्रों तक भेजा जाएगा, जबकि जहां प्लांट नहीं हैं वहां नैफेड के जरिए ओटीपी आधारित आपूर्ति होगी। जिले में 6 माह से 6 वर्ष तक के करीब 1.86 लाख बच्चे व 30 हजार से अधिक गर्भवती व धात्री माताएं समेत कुल 2.17 लाख लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिन्हें हर माह टेक होम राशन दिया जा रहा है।




