n टीम NBT, लखनऊ
राजधानी मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के रंग में रंगी नजर आई। अम्बेडकर जयंती पर अम्बेडकर पार्क मंगलवार को नीला नजर आया। प्रदेश भर से हजारों अनुयायियों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क पहुंचकर उनके प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सामाजिक समरसता और जागरूकता का एक प्रभावशाली संदेश दिया। इस खास मौके पर नाट्य मंचन और गायन प्रस्तुतियों के जरिए बाबा साहेब के जीवन और संघर्ष को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
‘नमक से पहले पानी’ जैसे नाट्य मंचन के जरिए डॉ. अम्बेडकर की जीवन यात्रा को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। लखनऊ के विपिन कुमार और उनकी टीम ने भी अपने मंचन से कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी, जबकि मुंबई से आए कलाकारों की गायन प्रस्तुति ने पूरे माहौल को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भीमराव अम्बेडकर ने विश्व को एक श्रेष्ठ संविधान प्रदान किया। बाबा साहेब ने सामाजिक समरसता और समानता का ऐसा मार्ग दिखाया, जिसकी बदौलत आज समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग भी मुख्यधारा में सशक्त रूप से शामिल हो रहे हैं। पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा साहेब से जुड़े स्मारकों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि बाबा साहेब के जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है।




