n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है, जिसने जंगलों को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है। तापमान में उछाल के साथ जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए वन विभाग ने पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और अधिकारियों से लेकर फील्ड स्टाफ तक सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि पिछले साल बंधवाड़ी और मांगर क्षेत्र के जंगलों में आग लगने की कई घटनाएं हुई थीं। पेड़-पौधों के साथ ही वन्यजीवों पर भी खतरा मंडराया था। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार विभाग ने पहले से ही तैयारियां तेज कर दी हैं। गर्मी के मौसम में सूखी घास, पत्तियां और तेज हवाएं आग को तेजी से फैलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है। इसे रोकने के लिए विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
बढ़ाई गई गश्त और मॉनिटरिंग: फील्ड स्टाफ की गश्त बढ़ा दी गई है और जंगलों में नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। संभावित आग की घटनाओं से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल रैपिड रिस्पॉन्स को भी सक्रिय किया गया है जिससे किसी भी स्थिति में आग पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।


