n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को लाभ न मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने विभिन्न निजी अस्पतालों में छापेमारी की। यह कार्रवाई 17 अप्रैल को गुप्त सूचना पर की गई, जिसमें योजना के लाभार्थियों को उचित सुविधा न देने की आशंका जताई गई थी।
सीएम फ्लाइंग टीम ने सीएमओ कार्यालय के साथ कोऑर्डिनेशन कर एक संयुक्त टीम का गठन किया। इस टीम में जिला नोडल अधिकारी (आयुष्मान भारत योजना) डॉ. विशाल सक्सेना और जिला सूचना प्रबंधक तानिया रानी को शामिल किया गया। जिले में कुल 22 निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध हैं, जिनके पिछले तीन महीनों के रेकॉर्ड की जांच की गई और चयनित अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में आयुष्मान योजना से संबंधित अनिवार्य सूचना बोर्ड का अभाव पाया गया, जिस पर कार्रवाई की बात कही गई है। सबसे गंभीर मामला रेलवे रोड स्थित डॉ. टुडे आईवीएफ एंड मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल में सामने आया, जहां छह मरीज भर्ती मिले। इनमें से एक मरीज आयुष्मान योजना का पात्र होने के बावजूद उससे नकद राशि लेकर इलाज किया जा रहा था। टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अस्पताल प्रबंधन को राशि वापस करने के निर्देश दिए। सीएमओ कार्यालय ने संबंधित अस्पताल को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि योजना का लाभ पात्र मरीजों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।


