बूंदाबांदी से थोड़ी राहत के बाद फिर तपने लगी दोपहरी, पारा 42 डिग्री

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में गर्मी का प्रकोप फिर बढ़ गया है। बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ होने से पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 43-44 डिग्री तक जा सकता है। गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है।

faridabad mercury crosses 42 degrees heatwave continues after drizzle

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एक दिन पहले तक खुशनुमा हुआ मौसम फिर से अपने तेवर दिखाने लगा है। शनिवार को तेज धूप रहने से गर्मी का असर बढ़ा और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रेकॉर्ड किया गया। लोगों को दिनभर लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा। गर्मी इस कदर रही कि अप्रैल में ही जून जैसा अहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ा रहेगा और तापमान में भी बढ़ोतरी बनी रहेगी।

पिछले कुछ दिनों से साफ मौसम के बीच शुक्रवार शाम को मौसम ने हल्का बदलाव दिखाया था। तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आई थी और लोगों को क्षणिक राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। शनिवार सुबह से ही आसमान बिल्कुल साफ रहा और तेज धूप ने फिर से गर्मी का असर बढ़ा दिया। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रेकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। अगले दो-तीन दिनों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही गर्म हवाएं चलने से लू के हालात भी बन सकते हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है, ताकि गर्मी के दुष्प्रभाव से बचा जा सके।

रेकमेंडेड खबरें