n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : पल्ला थाना क्षेत्र में हरिकेश नगर कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10वीं की परीक्षा पास की छात्रा ने ट्रेन से टकराकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खास बात ये है कि जिस दिन परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था उसी दिन शाम करीब पौने छह बजे छात्रा बाजार से मोमोज खाने के बहाने मां से पैसे लेकर निकल गई और वापस नहीं आयी। अगले दिन परेशान परिवार ने पल्ला थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। छात्रा का शव मेवला महराजपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। जीआरपी को छात्रा के घर से स्यूसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने भगवान कृष्ण को संबोधित करते हुए अपनी व्यथा लिखी है। जीआरपी मामले की जांच का रही है।
छात्रा के पिता एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं और परिवार हरिकेश नगर, पल्ला में रहता है। छात्रा को परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन रिजल्ट में उसे 72 प्रतिशत अंक मिले। इसी बात से वह काफी परेशान बताई जा रही थी। जीआरपी डीएसपी राजेश चेची का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


