n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा की नई टीम के गठन को लेकर दिल्ली में गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह गुरुवार को दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने संतोष के साथ करीब एक घंटे तक बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की।
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल की तैयारी चल रही है। साथ ही भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति, तथा प्रदेश की नई कार्यकारिणी के गठन पर भी निर्णय होना है। इन्हीं विषयों पर हाल में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तांवड़े दो दिन लखनऊ में रहे थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग बैठकें की थीं। कोर कमिटी में पहले मंथन हो चुका है और अब केंद्रीय नेतृत्व के साथ अंतिम विमर्श जारी है।



