n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : कविनगर जोन के विभिन्न इलाकों में मेयर सुनीता दयाल ने करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मेयर ने कहा कि शहर में सड़कों और नालियों के साथ पार्कों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन कार्यों में वॉर्ड-46 की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण पर करीब 18 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी वॉर्ड के गार्डन एन्क्लेव में सड़क और नाली निर्माण के लिए लगभग 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वॉर्ड-47 शास्त्री नगर में जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण पर करीब 14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वॉर्ड-18 रजापुर वाल्मीकि बस्ती में सड़क और नाली निर्माण के लिए लगभग 18.11 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वॉर्ड-47 महेंद्रा एन्क्लेव में सड़क और नाली निर्माण पर करीब 7 लाख रुपये खर्च होंगे। वॉर्ड-56 चिरंजीव विहार स्थित सेंट्रल पार्क के सौंदर्यीकरण पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास के दौरान मेयर ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षद अमित त्यागी, मनोज त्यागी, मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी, राहुल तोमर, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत पाराशर, पूर्व पार्षद विरेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे।



