n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बस्ती इकाई ने आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के कनिष्ठ सहायक मनीष कुमार को रंगे हाथ गुरुवार को गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मुताबिक सिद्धार्थनगर जनपद के थाना इटवा क्षेत्र के ग्राम पटखौली नानकार निवासी रविंद्र कौशल ने शिकायत की थी कि उनकी पत्नी को आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्त करवाने के एवज में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के मनीष कुमार द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। जांच के बाद इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह यादव के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। टीम ने ब्लॉक भनवापुर स्थित बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के कार्यालय से कनिष्ठ सहायक मनीष कुमार, निवासी ग्राम कुरमौल, थाना धनघटा, को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।



