n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
साइबर सिटी की सड़कों पर गुरुवार को 'नारी शक्ति' का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हुई भव्य पदयात्रा का, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने शिरकत की। कल्याणी हॉस्पिटल से अग्रसेन चौक तक निकाली गई इस पदयात्रा में महिलाओं ने न केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत भी किया।
पदयात्रा की कमान बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता और यात्रा की संयोजक गार्गी कक्कड़ ने संभाली। यात्रा के दौरान महिलाओं ने पीएम के चित्र वाले बैनर पर हस्ताक्षर कर अधिनियम के प्रति अपना समर्थन और आभार व्यक्त किया। सफेद टी-शर्ट और कैप लगाए महिलाओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के पक्ष में नारे लगाए। पूर्व सांसद सुधा यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव, गुड़गांव की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, जिला सचिव सुचिता शर्मा आदि मौजूद रहे।



