n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
गुड़गांव यूनिवर्सिटी (GU) में छात्रों से जुड़े मुद्दों और आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) इकाई ने छात्र आक्रोश रैली निकाली। रैली बादशाहपुर एसपीआर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर सेक्टर-87 स्थित यूनवर्सिटी तक पहुंची। जहां वाइस चांसलर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि यूनिवर्सिटी में कैंटीन की सुविधा नहीं होने से छात्रों को परेशानी होती है। परीक्षा परिणाम भी समय पर घोषित नहीं होते, खासकर री-अपीयर के मामलों में देरी से पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं दूसरी जगहों पर छात्रों को प्रवेश लेने में भी तमाम दिक्कतें आती हैं। वहीं दूसरी ओर उन्होंने यूनिवर्सिटी के गेट पर सुरक्षा के लिए पीसीआर वाहन की स्थायी तैनाती करने और छात्रों के लिए बस सेवा शुरू करने की भी मांग की। जिला कांग्रेस कमिटी ग्रामीण के अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, लेकिन सरकार उन्हें लगातार कमजोर करने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी में सुविधाएं जान-बूझकर नहीं दी जा रहीं हैं। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर अविनाश यादव, राहुल झांसला, अनिल धानक, कुलदीप गुर्जर, मनीष खटाना, सुखबीर तंवर, शिव बोकन आदि मौजूद रहे।



