n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने चयन वर्ष 2025 के तहत समूह ‘घ’ के कार्मिकों से पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) के 27 रिक्त पदों को विभागीय पदोन्नति से भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। बोर्ड के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित हिंदी और अंग्रेजी टंकण परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें 186 पात्र अभ्यर्थियों में से 163 उपस्थित हुए। इनमें से 32 अभ्यर्थी टंकण परीक्षा में सफल पाए गए, जबकि 131 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों की ओएमआर आधारित वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा 22 मई 2026 को लखनऊ में सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 12 मई 2026 की शाम पांच बजे से बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध होंगे।
22 मई को ही एएसआई (लिपिक-लेखा) की लिखित परीक्षा : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सेवाकाल में दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर सेवायोजन के लिए लिखित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड के अनुसार, टंकण परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की संख्या रिक्तियों से अधिक होने के कारण नियमों के तहत अब लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। बोर्ड ने 17 फरवरी 2026 को लखनऊ में हिंदी और अंग्रेजी टंकण परीक्षा करवाई थी। सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) के पांच पदों के सापेक्ष 11 और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के दो पदों के सापेक्ष तीन अभ्यर्थी टंकण परीक्षा में सफल पाए गए। इन सभी पात्र अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 22 मई 2026 को लखनऊ में पूर्वाह्न 11 बजे से ओएमआर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रणाली पर होगी। लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 12 मई 2026 की शाम पांच बजे से बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध होंगे।



