सपा सरकार में नहीं हो सकती थी ऐसी राम कथा : केशव मौर्य

नवभारतटाइम्स.कॉम

लोनी में आयोजित श्रीराम कथा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक पहुंचे। केशव मौर्य ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमल के बटन की ताकत से ऐसे भव्य धार्मिक आयोजन संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने लोनीवासियों और विधायक को कलश यात्रा के सफल आयोजन पर बधाई दी।

such ram katha was not possible in sp government keshav maurya

n NBT न्यूज, लोनी

लोनी की राम पार्क कॉलोनी में क्षेत्रीय विधायक द्वारा आयोजित की जा रही श्रीराम कथा में गुरुवार को सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक पहुंचे। कार्यक्रम में पहले शामिल हुए केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीराम को नमन करने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने कहा कि लोनी की पावन भूमि पर हजारों माताओं-बहनों ने श्रद्धा के साथ कलश यात्रा में भाग लिया। यह अद्भुत और प्रेरणादायक है। सपा सरकार में ऐसी रामकथा नहीं हो सकती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसा होता तो कही न कहीं उत्पात भी होता। लोनी में निकली कलश यात्रा ऐतिहासिक रही।

उन्होंने कहा कि मैंने कलश यात्रा का विडियो देख कर उसकी भव्यता का अनुमान लगाया और खुद को यहां आने से नहीं रोक पाया। उन्होंने कहा कि यह कमल के बटन की ताकत है कि इस प्रकार के भव्य और धार्मिक आयोजन संभव हो पा रहे हैं। रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले सपा के नेता आज राम मंदिर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन से पहले व्यासपीठ अतुल कृष्ण महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी कार्यक्रम में पहुंच गए। दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने ऐतिहासिक कलश यात्रा के सफल आयोजन के लिए लोनीवासियों और विधायक नंदकिशोर गुर्जर को बधाई दी।